सारंगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उपनिर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने और उसके पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) और नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 से रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। वहीं, 21 अक्टूबर को निर्वाचक नामावली के मुद्रण और सॉफ्टवेयर अभिलेखों की उपलब्धता से संबंधित कार्य किया जाएगा। इसके बाद 23 अक्टूबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 23 से 30 अक्टूबर 2026 के बीच ग्राम सभाओं और नगरीय क्षेत्रों में वार्ड सभाओं का आयोजन कर निर्वाचक नामावली का वाचन कराया जाए। इस दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन करने, त्रुटियों को सुधारने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा ग्राम सभा एवं वार्ड सभा की कार्यवाही की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उपनिर्वाचन 2026 की इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
- अमलीपाली केडार में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया मरीजों का उपचार… - October 18, 2026
- माँ दुर्गा के दरबार में पहुंचे राम नारायण देवांगन, नगर की खुशहाली की कामना… - October 18, 2026
- नन्हीं अनमोल ने मां सिद्धिदात्री का रूप धर जीता सबका दिल, जयकारों से गूंज उठा गरबा पंडाल… - October 18, 2026
