सारंगढ़। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोतरी स्थित अंबेडकर चौक में विवाद शांत कराने के लिए डायल 112 पर सूचना देना एक मोटरसाइकिल गैराज संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद में शामिल युवकों ने गैराज संचालक समेत उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और लोहे की वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोतरी निवासी राजकुमार बरे मोटरसाइकिल गैराज का संचालन करता है। बताया गया कि 13 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास कुछ युवकों के बीच विवाद और झगड़ा चल रहा था। विवाद बढ़ता देख राजकुमार ने डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस से सहायता मांगी।
आरोप है कि डायल 112 को सूचना दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद अमर जांगड़े, ओमप्रकाश जांगड़े, हंसराज जाटवर एवं उनके अन्य साथियों ने राजकुमार के साथ विवाद शुरू कर दिया। बताया गया कि आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाया। इसी दौरान राजकुमार के सिर पर लोहे की वस्तु से वार किए जाने का आरोप है, जिससे उसे चोट आई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राजकुमार के भतीजे हेमंत कुमार के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक मारपीट में हेमंत के सिर, सीना, बाएं कंधे और उंगली में चोट लगी है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिटी कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमर जांगड़े, ओमप्रकाश जांगड़े, हंसराज जाटवर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
डायल 112 पर मदद मांगने के बाद ही विवाद बढ़ने का आरोप सामने आने से यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

- जानें क्यों नहीं रिलीज होगा ‘द पैराडाइज’ का ट्रेलर, नेचुरल स्टार नानी ने बताई खास वजह.. - September 15, 2026
- अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया… - September 15, 2026
- राशन कार्ड धारकों की उड़ी नींद! 1 अक्टूबर से बंद हो जाएगा राशन? तुरंत चेक करें ये बड़ा नियम… - September 15, 2026
