सारंगढ़। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के अल्प प्रवास पर जिला मुख्यालय सारंगढ़ पहुंचने के दौरान भाजपा नेता अरविंद हरिप्रिया ने स्थानीय विश्रामगृह में उनसे मुलाकात कर कन्या महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं की सुविधाओं और महाविद्यालय के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग रखी।
भाजपा नेता हरिप्रिया ने प्रभारी मंत्री को बताया कि तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद कन्या महाविद्यालय अभी भी प्राथमिक शाला के कक्षों में संचालित हो रहा है। इससे छात्राओं को अध्ययन के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा के कारण प्राथमिक शाला का अहाता भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके पुनर्निर्माण की तत्काल आवश्यकता है। इसके अलावा छात्राओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण भी जरूरी है।
इन आवश्यक कार्यों को पूरा कराने के लिए महाविद्यालय जनभागीदारी समिति की ओर से जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी गई। हरिप्रिया ने कहा कि बाउंड्रीवाल और शेड निर्माण होने से छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी तथा महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी बेहतर होगा।
मंत्री टंक राम वर्मा ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर से चर्चा करने का आश्वासन दिया। वहीं जनभागीदारी समिति के पंजीयन में हो रहे विलंब पर उन्होंने अप्रसन्नता जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि कन्या महाविद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए शासन स्तर पर प्रयास जारी हैं।
इस दौरान हरिप्रिया ने कहा कि स्थायी भवन का निर्माण होने से छात्राओं को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कन्या महाविद्यालय के लिए स्थायी भवन निर्माण शासन की प्राथमिकता में है और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है। अंत में अरविंद हरिप्रिया ने जनभागीदारी समिति की ओर से प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा का आभार व्यक्त किया।

- 17 सितंबर से गूंजेगा ‘सेवा संकल्प’, गांव-गांव होंगे जनभागीदारी के कार्यक्रम… - September 10, 2026
- तीन साल बाद भी प्राथमिक शाला के कमरों में कन्या महाविद्यालय, भवन-बाउंड्री और शेड के लिए DMF से 10 लाख की मांग.. - September 10, 2026
- कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, मैसेज भेजकर मचाई हलचल! - September 10, 2026
