बरमकेला। विकासखंड बरमकेला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़े नावापारा में कुपोषण के खिलाफ विशेष पहल के तहत बाल संदर्भ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़े नावापारा सेक्टर के अंतर्गत संचालित सभी 27 आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों को लाकर उनकी स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान बच्चों के पोषण स्तर का परीक्षण करते हुए कुपोषित एवं कमजोर बच्चों का चिन्हांकन किया गया।
कुपोषण मुक्त अभियान के तहत आयोजित इस विशेष शिविर में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को ध्यान में रखते हुए उन्हें आयरन तथा विटामिन-ए सिरप की खुराक दी गई। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर पालकों को आवश्यक जानकारी एवं सुझाव भी प्रदान किए गए।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला सारंगढ़ के संरक्षक सदस्य कैलाश डॉ. शक्राजित नायक के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा कैलाश नायक द्वारा शिविर में शामिल बच्चों को फल एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक पोषक आहार उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण मेडिकल ऑफिसर डॉ. अभिषेक चौधरी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रेमलता पटेल एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक चक्रधर पटेल की चिकित्सकीय टीम द्वारा किया गया। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों का वजन, पोषण स्तर सहित अन्य स्वास्थ्य मानकों की जांच की। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी स्थिति पर ध्यान दिया गया तथा पालकों को बच्चों के खानपान, स्वच्छता और नियमित देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सविता गड़तीया, अक्षय साहू, जगदीश डनसेना सहित सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में बच्चों के पालकों ने भी शिविर में सहभागिता की। पालकों ने बच्चों की एक ही स्थान पर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जांच होने तथा विशेषज्ञों से आवश्यक सलाह मिलने की सराहना करते हुए इस प्रकार के शिविरों को बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए उपयोगी बताया।


- कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, मैसेज भेजकर मचाई हलचल! - September 10, 2026
- सारंगढ़:डीईओ पटेल का फेडरेशन ने किया अभिनंदन, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा… - September 10, 2026
- 27 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच, कुपोषित बच्चों का किया चिन्हांकन… - September 10, 2026
