सारंगढ़। राज्य सरकार के निर्देश एवं जिला प्रशासन की पहल पर स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़कर स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से 11 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। कौशल विकास मंत्री के दिशा-निर्देश एवं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर कुल 423 युवाओं का चयन किया जाएगा। रोजगार की तलाश कर रहे 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं स्नातक उत्तीर्ण महिला-पुरुष अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है।
रोजगार मेले में स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि. द्वारा 10वीं पास अभ्यर्थियों के लिए फील्ड ऑफिसर के 30 पद तथा कलेक्शन ऑफिसर के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 12,200 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसी प्रकार वेदांता स्कील स्कूल लर्नेट स्कील लि., बालको कोरबा द्वारा होटल मैनेजमेंट के 40 पदों पर 10 हजार से 15 हजार रुपए तथा वेल्डर के 23 पदों पर 15 हजार से 20 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन पर भर्ती की जाएगी।
वहीं एनआईआईटी लि., स्मृति नगर भिलाई द्वारा स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आईसीआईसीआई बैंक रिलेशनशिप मैनेजर के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को 21 हजार से 25 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा। रोजगार मेले में सबसे अधिक अवसर मेसर्स परिश्रम रिसोर्स प्रा. लि., गुरुग्राम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कंपनी द्वारा मीटर इंस्टालर के 300 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे तथा चयनित युवाओं को 19 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार रोजगार मेले में महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा की मूल प्रति के साथ-साथ छायाप्रति लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
जिला प्रशासन ने जिले के बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ जिले में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

- कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, मैसेज भेजकर मचाई हलचल! - September 10, 2026
- सारंगढ़:डीईओ पटेल का फेडरेशन ने किया अभिनंदन, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा… - September 10, 2026
- 27 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच, कुपोषित बच्चों का किया चिन्हांकन… - September 10, 2026
