सारंगढ़। बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत खोरीगांव की मिथिला नायक दीदी ने मेहनत, लगन और सही अवसर का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। पारंपरिक खेती से शुरू हुआ उनका सफर आज सफल मशरूम उत्पादन व्यवसाय तक पहुंच चुका है। घर से ही मशरूम का उत्पादन कर वे हर महीने करीब 50 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।
परिवार की सीमित आमदनी में घर का खर्च और अन्य जिम्मेदारियां संभालना मिथिला के लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय अतिरिक्त आय का साधन तलाशने का फैसला किया। अन्नपूर्णा स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें सामूहिकता का सहारा मिला। इसके बाद सखी क्लस्टर संगठन, बुदेली के माध्यम से वित्तीय सहयोग प्राप्त कर उन्होंने मशरूम उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपनाया।
मिथिला नायक दीदी ने मशरूम उत्पादन शुरू करने के लिए सखी क्लस्टर संगठन से 1 लाख 20 हजार रुपये का ऋण लिया और अपनी ओर से 30 हजार रुपये की पूंजी लगाई। सीमित संसाधनों से शुरू किया गया यह काम धीरे-धीरे गति पकड़ता गया। उत्पादन बढ़ा तो बाजार भी मिला और उनकी आमदनी में लगातार इजाफा होने लगा। आज वे स्थानीय बाजार में अपने उत्पाद की बिक्री कर लगभग 50 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रही हैं।
मिथिला की सफलता ने यह साबित किया है कि यदि मेहनत के साथ सही मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और अवसर मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी अपने घर से सफल उद्यम खड़ा कर सकती हैं। उनकी कहानी गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दे रही है। शासन की योजनाओं और आजीविका गतिविधियों का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, सतत मॉनिटरिंग और मैदानी स्तर पर मार्गदर्शन पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं पारंपरिक आजीविका से आगे बढ़कर स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध अवसरों के आधार पर नए उद्यम खड़े कर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं।



- अनियंत्रित होकर पलटी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप..15 घायल, 3 की हालत गंभीर.. - September 6, 2026
- सारंगढ़:तकनीक बने शिक्षा का साधन, संस्कार का विकल्प नहीं, भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ… - September 6, 2026
- तकनीक साधन बने, संस्कार का विकल्प नहीं – संजय भूषण पाण्डेय भारतीय जनता पार्टी जिला शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा भटगांव मे शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न.. - September 6, 2026
