सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के गुडेली क्षेत्र स्थित डी.सी. पेट्रोल पंप पर कार की निर्धारित क्षमता से अधिक ईंधन दर्ज होने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कार चालक और पंप कर्मचारियों के बीच रीडिंग को लेकर तीखी बहस हो गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?
बंजारी निवासी अनुपम खूंटे अपनी महिंद्रा (Mahindra XUV 3XO) गाड़ी में पेट्रोल भरवाने गुडेली के डी.सी. पेट्रोल पंप पहुंचे थे। ईंधन भरने के बाद जब उन्होंने मशीन की रीडिंग और बिल देखा, तो हैरान रह गए।
कंपनी के अनुसार महिंद्रा XUV 3XO की फ्यूल टैंक क्षमता लगभग 42 लीटर होती है, जबकि पेट्रोल पंप की मशीन की रीडिंग और बिल में 48 लीटर से अधिक पेट्रोल दर्ज दिखाया गया। कार की क्षमता से करीब 7 लीटर अधिक का अंतर देखकर ग्राहक ने तुरंत आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर पंप कर्मचारियों और ग्राहक के बीच बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया।
डायल 112 पहुंची मौके पर, थाने पहुंचा मामला-
पेट्रोल पंप परिसर में बढ़ते तनाव को देखते हुए डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने ले आई।
पेट्रोल पंप प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि पंप की सभी मशीनें मानकों के अनुरूप सही काम कर रही हैं।
ग्राहक अनुपम खूंटे ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए मशीन की निष्पक्ष और तकनीकी जांच की मांग की है।
नापतौल विभाग की अनुपस्थिति पर उठे सवाल-
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है और उन्होंने पेट्रोल पंपों पर नापतौल विभाग की नियमित जांच न होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जिले में फिलहाल नापतौल विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण पुलिस ही मामले की प्राथमिक जांच कर रही है। अब मशीनों के तकनीकी परीक्षण के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह गड़बड़ी मशीन की तकनीकी खामी थी या माप में हेरफेर।
- सारंगढ़ : 42 लीटर की टंकी में भर दिया 48 लीटर पेट्रोल..नापतौल विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल…गुडेली स्थित डी.सी. पेट्रोल पंप का मामला… - September 2, 2026
- सारंगढ़ मे बिना परमिट दौड़ रही बसों और एजेंटों पर कसा शिकंजा..एजेंटों की खूनी झड़प के बाद जागा प्रशासन..परमिट, कागजात और ओवरलोडिंग की अचानक जांच शुरू… - September 2, 2026
- प्रशासन और जनता के बीच मजबूत होगी संवाद की कड़ी… गुलाब डड़सेना ने संभाला सारंगढ़ के जिला जनसंपर्क अधिकारी का पदभार..कबीरधाम में 11 कलेक्टरों के साथ काम करने का लंबा अनुभव… - September 2, 2026
