सारंगढ़। जिले में शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक नया अध्याय शुरू हुआ है। अनुभवी अधिकारी गुलाब डड़सेना ने बुधवार को सारंगढ़ में जिला जनसंपर्क अधिकारी (DPRO) एवं सहायक संचालक के पद पर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य मुलाकात की और जिले में सूचना तंत्र को अधिक सशक्त बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं, पर्यटन और योजनाओं के प्रचार पर जोर
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने नवागत DPRO को बधाई देते हुए कहा कि जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से हो रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में पहुंचे और सारंगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं को भी राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर प्रमुखता से उभारा जाए।
मीडिया और सूचना तंत्र का होगा बेहतर समन्वय: गुलाब डड़सेना
पदभार ग्रहण के बाद श्री डड़सेना ने कहा, “जनसंपर्क शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया के समन्वय से तथ्यपरक व समयबद्ध सूचनाएं आमजन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होगी।” उन्होंने जनसंपर्क टीम के साथ बैठक कर टीम भावना से काम करने का संकल्प दोहराया और स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से भी सरोकार आधारित चर्चा की।
कबीरधाम में 11 कलेक्टरों के साथ काम करने का लंबा अनुभव
गुलाब डड़सेना जनसंपर्क विभाग के एक बेहद अनुभवी अधिकारी हैं। वर्ष 2012 से 2025 तक उन्होंने कबीरधाम (कवर्धा) जिले में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं, जहां उन्होंने लगभग 11 कलेक्टरों के साथ काम करते हुए प्रशासनिक अभियानों का सफल प्रचार-प्रसार किया। उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है।
अधिकारियों व मीडिया जगत ने दी बधाइयां
पदभार ग्रहण के दौरान सहायक जनसंपर्क अधिकारी देवराम यादव, ई-जिला प्रबंधक गंगाधर विश्वकर्मा, सोशल मीडिया मैनेजर सोनू साहू, अजय सिदार, प्रेमशंकर पटेल, कृष्णा यादव, आकाश सहित जनसंपर्क विभाग के कर्मचारियों तथा सारंगढ़ के वरिष्ठ पत्रकारों व मीडिया प्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर व संचार माध्यमों से शुभकामनाएं दीं।
- सारंगढ़ : 42 लीटर की टंकी में भर दिया 48 लीटर पेट्रोल..नापतौल विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल…गुडेली स्थित डी.सी. पेट्रोल पंप का मामला… - September 2, 2026
- सारंगढ़ मे बिना परमिट दौड़ रही बसों और एजेंटों पर कसा शिकंजा..एजेंटों की खूनी झड़प के बाद जागा प्रशासन..परमिट, कागजात और ओवरलोडिंग की अचानक जांच शुरू… - September 2, 2026
- प्रशासन और जनता के बीच मजबूत होगी संवाद की कड़ी… गुलाब डड़सेना ने संभाला सारंगढ़ के जिला जनसंपर्क अधिकारी का पदभार..कबीरधाम में 11 कलेक्टरों के साथ काम करने का लंबा अनुभव… - September 2, 2026
