भटगांव। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं और डिजिटल ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में 24 अगस्त 2026 को विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने नगर पंचायत भटगांव स्थित जिला सहकारी बैंक, ग्राम जोरा के हाई सेकेंडरी स्कूल तथा साप्ताहिक बाजार रोहिना पहुंचकर बैंक कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों को साइबर अपराध और डिजिटल ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डिजिटल ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत
अभियान के दौरान लोगों को साइबर ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज और ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की अपील की।
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने लोगों को समझाया कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर बड़ी आर्थिक ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की।
1930 और साइबर पोर्टल की दी जानकारी
पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ठगी होने के बाद जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, रकम को सुरक्षित कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
बैंक, स्कूल और बाजार में एक साथ पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान की खास बात यह रही कि जागरूकता कार्यक्रम को केवल एक स्थान तक सीमित न रखते हुए बैंक, स्कूल और साप्ताहिक बाजार जैसे अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाया गया। इससे बैंक कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधे साइबर सुरक्षा की जानकारी मिल सकी।
अभियान के दौरान दी गई सम्पूर्ण जानकारी को राज्य सरकार द्वारा जारी निर्धारित लिंक पर भी अपलोड किया गया।
थाना प्रभारी की सक्रियता की हो रही सराहना
साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए थाना प्रभारी शिवकुमार धारी द्वारा जिस सक्रियता और गंभीरता के साथ अभियान को संचालित किया गया, उसकी सराहना की जा रही है। पुलिस की इस पहल से लोगों में साइबर अपराधों को लेकर जागरूकता बढ़ने के साथ डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने का संदेश भी पहुंचा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराध से बचें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि डिजिटल ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




- सेवा संकल्प अभियान: कोसीर में स्वच्छता और हरियाली का संदेश… - October 12, 2026
- मरीजों की परेशानी पर संजय भूषण पांडेय गंभीर, जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उठाई आवाज… - October 12, 2026
- जयकारों से गूंजा सारंगढ़, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा अग्र समाज… - October 12, 2026
