सारंगढ़ बिलाईगढ़ : क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों और बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से, सरिया पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के विशेष दिशा-निर्देशों पर, तथा एएसपी धीरेंद्र पटेल एवं एसडीओपी गोविंद दीवान के कुशल मार्गदर्शन में, आज सरिया स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में एक दिवसीय वृहद जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व सरिया थाना प्रभारी श्री एन. एल. राठिया ने किया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी राठिया और उनकी टीम ने बैंक परिसर में उपस्थित ग्राहकों, बैंक कर्मचारियों और आम नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान समय में सक्रिय साइबर ठगों के तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सावधानी ही सुरक्षा है- थाना प्रभारी राठिया
थाना प्रभारी एन. एल. राठिया ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा, “अपना ओटीपी , यूपीआई पिन , एटीएम पिन, या इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड कभी भी किसी को, चाहे वह खुद को बैंक अधिकारी ही क्यों न बताए, फोन कॉल, एसएमएस या सोशल मीडिया के माध्यम से न दें। बैंक कभी भी ऐसी जानकारी फोन पर नहीं मांगता।”
फ्रॉड होने पर क्या करें?
पुलिस टीम ने साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाइयों के बारे में भी बताया। ग्राहकों को सलाह दी गई कि यदि उनके साथ कोई वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो वे तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही, अपने संबंधित बैंक को तुरंत सूचित कर खाता या कार्ड ब्लॉक करवाएं।
इसके अलावा, अभियान में उपस्थित लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अनजान लोगों द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड स्कैन न करने और ‘केवाईसी अपडेट’ के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल्स/मैसेज से सतर्क रहने की हिदायत दी गई।
सरिया पुलिस की इस पहल की पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधन और वहां उपस्थित ग्राहकों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। ग्राहकों ने माना कि इस तरह के अभियानों से उन्हें नई और जरूरी जानकारी मिलती है, जिससे वे भविष्य में ठगी का शिकार होने से बच सकते हैं।
इस अवसर पर सरिया थाने के प्रशिक्षु एसआई गजेंद्र चंद्राकर, बैंक शाखा प्रबंधक आदित्य साहू ,अन्य बैंक कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व खाताधारक उपस्थित रहे। सरिया पुलिस ने स्पष्ट किया कि जन-सुरक्षा के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान भविष्य में भी अन्य सार्वजनिक स्थानों और बैंकों में निरंतर जारी रहेंगे।




- सरिया पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक में चलाया वृहद जन-जागरूकता अभियान…साइबर फ्रॉड और बैंक सुरक्षा पर दी गई अहम जानकारी.. - August 24, 2026
- आज भी छत्तीसगढ़ में होगी भारी बारिश! राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में बरसेंगे बादल, घर से निकलने से पहले जानें ताजा अपडेट… - August 24, 2026
- छत्तीसगढ़ की बेटियों ने किया कमाल…कबाड़ से तैयार गैजेट, दीवारों पर गंदगी बजेगा अलार्म और बस्तों से निकलेगा छाता… - August 24, 2026
