महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सीमा के पास स्थित एक आश्रमशाला में रविवार देर रात सर्पदंश की बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यह दर्दनाक हादसा महाराष्ट्र के धानोरा तालुका के जपतलाई इलाके में स्थित एक अनुदानित आश्रमशाला में हुआ.

यहां देर रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच एक जहरीला सांप छात्राओं के कमरे में घुस गया. उस समय सभी छात्राएं गहरी नींद में सो रही थीं. सांप ने कमरे में सोते हुए एक के बाद एक छह छात्राओं को डस लिया.
सांप के काटने की घटना के बाद पूरे हॉस्टल परिसर में अचानक अफरा-तफरी मच गई. हॉस्टल प्रबंधन और आसपास मौजूद लोगों को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल छात्राओं को तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की. सभी पीड़ित छात्राओं को इलाज के लिए गढ़ड़चिरोली जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इन सभी छात्राओं का इलाज शुरू कर दिया.
डॉक्टरों की निगरानी में तीन छात्राएं
डॉक्टरों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर हालत होने के कारण तीन छात्राओं की जान नहीं बचाई जा सकी. मृत छात्राओं की पहचान दीपिका लकड़ा, अनु कोरेटी और सुष्मिता मंडल के रूप में हुई है. यह सभी छात्राएं पांचवीं से आठवीं कक्षा तक की थीं. इस हादसे में तीन अन्य छात्राएं भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज अभी चल रहा है. अस्पताल में भर्ती इन छात्राओं के नाम कविता किरंगा, दीपिका मड़ावी और समृद्धि नैताम हैं. डॉक्टरों के अनुसार, इन तीनों छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
अस्पताल पहुंचे विधायक
इस हादसे के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 16 अन्य विद्यार्थियों को भी अस्पताल लाया गया है, जिन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही गढ़चिरोली के विधायक मिलिंद नरोटे तुरंत गढ़चिरोली जिला सामान्य अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से मिलकर इलाज करा रही छात्राओं का हालचाल जाना. इसके साथ ही कई प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और भर्ती बच्चियों के इलाज की जानकारी ली.
दहशत में बच्चियां और परिजन
यह हादसा जिस स्थान पर हुआ, वह कुम्परलिंगो कल्चरल एजुकेशनल रिसर्च सोसाइटी से जुड़े एक निजी अनुदानित आवासीय स्कूल का आश्रम है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहरी शोक की लहर फैल गई है. मासूम बच्चियों की मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल और स्कूल परिसर के पास जमा हो रहे हैं.
सुरक्षा को लेकर सवाल
इस घटना ने आश्रमशालाओं में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और वहां की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ही कमरे में कई छात्राओं के रहने और सुरक्षा व साफ-सफाई के खराब इंतजामों को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़चिरोली के कलेक्टर ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.
- घर पर सावन की नागपंचमी पर चंद्रकला बनाने की सरल विधि… - August 11, 2026
- ओरल सेक्स से बढ़ रहा है कैंसर का खतरा! नए शोध में हुआ खुलासा, तंबाकू से भी ज्यादा खतरनाक… - August 11, 2026
- 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रहे हैं ये सितारे! - August 11, 2026




