इस बार सावन सिर्फ भगवान शिव की भक्ति का महीना नहीं, बल्कि दुर्लभ धार्मिक संयोगों का भी साक्षी बनने जा रहा है। पूरे श्रावण मास में कई शुभ योग बन रहे हैं, लेकिन सबसे विशेष संयोग 17 अगस्त को बनेगा, जब 23 वर्ष बाद सावन सोमवार और नागपंचमी एक ही दिन पड़ेंगे।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह महासंयोग शिव आराधना, नाग पूजन और कष्ट निवारण के लिए अत्यंत फलदायी माना गया है। इसके साथ ही सावन में सोम प्रदोष, भौम प्रदोष, शिवरात्रि और हरियाली तीज जैसे प्रमुख पर्व भी श्रद्धालुओं की आस्था को और विशेष बनाएंगे।
शहर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित नवनीत शर्मा ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार यानी आज 10 अगस्त को सोम प्रदोष व्रत का भी दुर्लभ संयोग बन रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव का व्रत, पूजन और अभिषेक करने से संतान सुख की प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है।
वहीं, पूरे सावन में एक समय भोजन कर भगवान शिव और श्रीहरि विष्णु का जल अथवा अन्य द्रव्यों से अभिषेक करने का विशेष महत्व बताया गया है। 25 अगस्त, मंगलवार को भौम प्रदोष व्रत रहेगा।
शास्त्रों के अनुसार कर्ज या आर्थिक संकट से जूझ रहे लोगों के लिए यह व्रत विशेष फलदायी माना गया है। इस दिन भगवान शिव और हनुमान जी की पूजा-अर्चना करने से आर्थिक बाधाएं दूर होने और धन संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की मान्यता है।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार मेष, वृषभ, कर्क, सिंह, तुला और मीन राशि के जातकों के लिए यह सावन विशेष शुभ फल देने वाला रहेगा। इन राशियों के लोगों को कॅरिअर में उन्नति, आर्थिक स्थिरता और नए अवसर मिलने के प्रबल योग हैं।
वहीं, अन्य सभी राशियों के जातकों के लिए भी सावन सोमवार का व्रत और भगवान शिव की आराधना शुभ फलदायी मानी गई है। मान्यता है कि इससे रुके हुए कार्यों में गति आती है और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।
सावन में कब-कब हैं प्रमुख पर्व
सावन में चार सोमवार और चार मंगला गौरी व्रत पड़ेंगे। पहला सोमवार तीन अगस्त को था। दूसरा आज 10 अगस्त, तीसरा 17 अगस्त और चौथा 24 अगस्त को है। 17 अगस्त को ही 23 वर्ष बाद सावन सोमवार पर नागपंचमी का दुर्लभ महासंयोग बनेगा। मंगला गौरी व्रत 11, 18 और 25 अगस्त को रहेंगे। सावन की शिवरात्रि 11 अगस्त, हरियाली अमावस्या 12 अगस्त, हरियाली तीज 15 अगस्त, पुत्रदा एकादशी 23 अगस्त तथा रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा 28 अगस्त को मनाई जाएगी।
- आउट ऑफ द फर्दर का दूसरा ट्रेलर रिलीज़, भारत की सबसे सफल हॉरर फ्रैंचाइज़ी का धमाका… - August 10, 2026
- छत्तीसगढ़:रेप से दोबारा प्रेग्नेंट हुई युवती गुस्साए लोगों ने युवक’ को जूतों की माला पहनाई और पीटते हुए लेकर आए थाने’.. - August 10, 2026
- छत्तीसगढ़:महिला से गैंगरेप, डीडी नगर पुलिस जांच में जुटी… - August 10, 2026




