बस्तर। बस्तर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्रधान आरक्षक पर ट्रैक्टर के जब्ती दस्तावेज देने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद गुरुवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की।
एसीबी के अनुसार ग्राम कोड़ेनार, बास्तानार निवासी बंगालू यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने खेती के लिए अपने नाम पर आयशर ट्रैक्टर (क्रमांक CG 17 KY 1023) खरीदा था। ट्रैक्टर को उसने घरेलू कार्य के लिए ग्राम बड़े काल्लूर निवासी बुधराम को दिया था।
ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए मांगे 10 हजार रुपये
वर्ष 2025 में सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने के दौरान एक व्यक्ति ट्रॉली से गिर गया था, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले की जांच कोड़ेनार थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू के पास थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि जांच के दौरान जब्त ट्रैक्टर से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के लिए प्रधान आरक्षक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बंगालू यादव रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने पूरे मामले की शिकायत एसीबी, जगदलपुर से की।
महिला प्रधान आरक्षक को पकड़ा
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर गुरुवार 23 जुलाई 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी प्रधान आरक्षक को 10 हजार रुपये देने पहुंचा। जैसे ही पिलेश्वरी साहू ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
- किडनी की पथरी से डायबिटीज तक, कई बीमारियों’ से कुल्थी की दाल दिलाए निजात.. - July 24, 2026
- कटहल की सब्जी ऐसे मसालेदार बनाएंगे, तो नापसंद करने वाले भी उंगलियां चाटते रह जाएंगे! नोट करें रेसिपी… - July 24, 2026
- पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘थलपति विजय’ की ‘जन नायकन’, ओपनिंग डे पर की ताबड़तोड़ कमाई… - July 24, 2026




