सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 जुलाई 2026। खरीफ वर्ष 2026 में अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने की।
कलेक्टर ने सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए 31 जुलाई 2026 तक सभी ऋणी एवं अऋणी किसानों को शत-प्रतिशत फसल बीमा के दायरे में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र किसान का बीमा छूटना नहीं चाहिए और सभी अधिकारी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा करें।
कार्यशाला में बजाज जनरल इंश्योरेंस कम्पनी के विशेषज्ञों ने कृषि विभाग, सहकारिता विभाग के अधिकारियों, समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी साझा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि सहित अन्य जोखिमों से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच का कार्य करती है। ऐसे में प्रत्येक पात्र किसान का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यशाला में एसडीएम उमेश कुमार साहू, आशुतोष श्रीवास्तव, उप संचालक कृषि, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, अग्रणी बैंक प्रबंधक, सहायक संचालक उद्यानिकी, नोडल अधिकारी अपेक्स, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, समिति प्रबंधक, एटीएम, बीटीएम, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तथा सभी सेवा सहकारी समितियों के कम्प्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।

- सारंगढ़ स्थापना दिवस सूना क्यों?क्या कांग्रेस विधायकों का दंश झेल रही जिले की जनता – भरत अग्रवाल - September 17, 2026
- 25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प..शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वलभविष्य : डीईओ एल.एन. पटेल… - September 17, 2026
- महेश यादव की रानीसागर तालाब में तैरती मिली लाश, महराजपुर गांव में शोक… - September 17, 2026
