सारंगढ़। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के संचालन की तिथि 16 जून से बढ़ाकर 1 जुलाई करने तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और प्रतिकूल मौसम के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे हालात में बच्चों का विद्यालय आना-जाना जोखिम भरा है। इसलिए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों के खुलने की तिथि 16 जून के बजाय 1 जुलाई निर्धारित की जाए।
एनएसयूआई ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में वर्षों से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। संगठन ने कहा कि इन कर्मचारियों ने विद्यालयों की गुणवत्ता और सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन आज भी वे नौकरी की अस्थिरता और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में उनके अनुभव और योगदान को देखते हुए सरकार को उनका नियमितीकरण कर रोजगार सुरक्षा तथा अन्य शासकीय सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों और संविदा कर्मियों दोनों के हितों की अनदेखी उचित नहीं है। सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों और संविदा कर्मियों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
