सारंगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 5 से जुड़े कथित धर्मांतरण मामले ने सोमवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सारंगढ़ सिटी कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए कोतवाली परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, कथित धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने सुखबाई मिरी को पूछताछ के लिए सोमवार सुबह सिटी कोतवाली बुलाया था। पूछताछ के बाद भी तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर मामले में गंभीरता नहीं बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की।
धरने में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, भुवन मिश्रा, अरुण यादव, मनोज जायसवाल, जय बानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
कोतवाली परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष और नियमानुसार की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





