सारंगढ़। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन वितरण में कथित अनियमितता, विलंब और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर ग्राम नूनपानी निवासी चुनेश्वर साहू ने जिला कलेक्टर से शिकायत कर मामले की जांच की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठने लगे हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी पत्नी पुष्पा साहू तथा माता मोमबाई साहू के नाम से 20 दिसंबर 2025 को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया था। आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए थे और एजेंसी की ओर से घर पहुंचकर सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। इसके बावजूद कई महीनों तक कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया।
चुनेश्वर साहू का आरोप है कि 29 मई 2026 को एजेंसी कार्यालय पहुंचने पर उनकी पत्नी के नाम से केवल गैस सिलेंडर और पाइप दिया गया, जबकि गैस कार्ड और रेगुलेटर बाद में देने की बात कहकर टाल दिया गया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उनसे 500 रुपये की राशि भी ली गई, लेकिन भुगतान की कोई रसीद नहीं दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि राशि लिए जाने का वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है।
वहीं उनकी माता मोमबाई साहू के नाम से किए गए आवेदन की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं की गई है। न तो उन्हें किसी प्रकार की जानकारी दी गई है और न ही गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, जिससे परिवार को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित हितग्राही ने जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लंबित गैस कनेक्शन को शीघ्र स्वीकृत करने, गैस कार्ड एवं रेगुलेटर उपलब्ध कराने तथा कथित अवैध राशि वसूली की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इस शिकायत ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

- उज्ज्वला योजना में गड़बड़ी का आरोप, हितग्राही ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार… - June 10, 2026
- जनहित योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर सख्त: लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश… - June 10, 2026
- धान खरीदी घोटाले में बड़ी कार्रवाई : साल्हेओना समिति के 4 और कर्मचारी गिरफ्तार, 99 लाख से अधिक की आर्थिक अनियमितता का खुलासा… - June 10, 2026

