सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के धान उपार्जन केंद्र साल्हेओना में सामने आए करोड़ों रुपये के धान खरीदी घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा सहकारी समिति मर्यादित साल्हेओना के चार और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान उपार्जन केंद्र साल्हेओना में फर्जी तरीके से ऑनलाइन खरीदी की प्रविष्टियां दर्ज कर किसानों को अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में बिना धान फड़ में पहुंचे ही ऑनलाइन खरीदी दर्ज कर दी गई, जिससे शासन एवं समिति को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस के अनुसार, फर्जी खरीदी प्रविष्टियों के माध्यम से 3140.80 क्विंटल धान, जिसकी कीमत 97 लाख 36 हजार 480 रुपये है, का अनियमित लेन-देन किया गया। इसके अलावा 2045 नए जूट बारदानों की कीमत 1 लाख 75 हजार 931 रुपये 35 पैसे भी दर्शाई गई। इस प्रकार कुल 99 लाख 12 हजार 411 रुपये 35 पैसे की आर्थिक क्षति शासन और समिति को पहुंचाई गई।
जांच के दौरान पूछताछ और मेमोरण्डम कथन में आरोपियों ने स्वीकार किया कि धान खरीदी कार्य में बिना नियुक्ति आदेश के कर्मचारियों को रखा गया था तथा खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं। इसके आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 3(5) एवं 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में कन्हैया लाल पटेल (लिपिक), अर्जुन लाल पटेल (भृत्य), मुकेश पटेल उर्फ प्रेमसागर पटेल (दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी) तथा शौकी लाल सिदार (रात्रि चौकीदार) को 9 जून 2026 को क्रमशः गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गौरतलब है कि इस चर्चित मामले में पहले ही समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल और कंप्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से यह स्पष्ट हो रहा है कि धान खरीदी प्रक्रिया में संगठित स्तर पर अनियमितताओं को अंजाम दिया गया था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, पीएसआई गजेंद्र चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, सुरेंद्र सिदार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धान खरीदी घोटाले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों से जिले में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

- उज्ज्वला योजना में गड़बड़ी का आरोप, हितग्राही ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार… - June 10, 2026
- जनहित योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर सख्त: लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश… - June 10, 2026
- धान खरीदी घोटाले में बड़ी कार्रवाई : साल्हेओना समिति के 4 और कर्मचारी गिरफ्तार, 99 लाख से अधिक की आर्थिक अनियमितता का खुलासा… - June 10, 2026

