रायपुर। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई।

इस घटना में छत्तीसगढ़ पुलिस का एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। मामला कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव का है। स्थानीय पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

देवनगर थाना के मामले में आरोपियों की तलाश
छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रकरण में तीन वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोपियों में आकाश, शिवम केशरवानी और उसका एक अन्य साथी शामिल हैं। इन्हीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, जिससे ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके।
आरोपी ने चिल्लाया ‘चोर-चोर’, जुट गई भीड़
बताया गया कि पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को हिरासत में लिया। इसके बाद टीम दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची। पुलिस जैसे ही उसे पकड़ने लगी, उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीणों ने बिना स्थिति की पुष्टि किए पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस टीम को घेर लिया गया। कुछ ही देर में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और बाद में लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार टीम में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल युसूफ खान, सिपाही अजय चौधरी, आरक्षी संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान शामिल थे। आरोप है कि शिवम केशरवानी, उसके भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और पुलिसकर्मियों को आरोपी को ले जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस दल को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घायल आरक्षी अस्पताल में भर्ती
हमले में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह वहां से निकलकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
तीन ग्रामीण हिरासत में, जांच जारी
सीओ सिराथू सत्येन्द्र तिवारी ने बताया कि मामले में तीन ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है।
- छत्तीसगढ़:सादे कपड़ों में आरोपी पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, ‘चोर-चोर’ की आवाज पर ग्रामीणों ने पीटा; कांस्टेबल की हालत गंभीर… - June 7, 2026
- छत्तीसगढ़:आधी रात को पुलिस चेकिंग के दौरान बवाल, बीबी-बच्चे के सामने बाइक सवार युवक को पीटने का आरोप… - June 7, 2026
- आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज और एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया का ऐलान, श्रेयस अय्यर बने कप्तान, वैभव सूर्यवंशी को भी मिला मौका… - June 7, 2026

