रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. ग्राम चिकटवानी मुड़ाडीपा में शराब पीने से मना करने पर एक बेटे ने अपनी ही 70 वर्षीय मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी.

इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची. उसकी 10 साल की बेटी पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, गांव में रहने वाली मेरीना लकड़ा शनिवार को अपने घर में गंभीर हालत में खून से लथपथ मिली थीं. उनके सिर, माथे और कान के पास गहरी चोटों के निशान थे. वहीं उनकी नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी सिर में चोट लगने के कारण बेहोश पड़ी थी. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची का इलाज जारी है.
बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर ली मां की जान
पुलिस जांच के दौरान मृतका के बेटे संदीप लकड़ा पर संदेह हुआ. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और परिवार के कुछ सदस्य इलाज के सिलसिले में रायगढ़ गए हुए थे. इस दौरान वह गांव में अकेला रहकर लगातार शराब पी रहा था। उसकी मां बार-बार शराब पीने से मना कर रही थी. उसे डांट भी लगाई थी. इसी बात से नाराज होकर उसने नशे की हालत में घर में रखे लकड़ी के डंडे से मां पर हमला कर दिया.
बचाने पहुंची मासूम बेटी भी घायल
पुलिस के मुताबिक, संदीप ने गुस्से में आकर मां पर ताबड़तोड़ वार किए. शोर सुनकर उसकी 10 साल की बेटी अगोस्टिना बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बच्ची किसी तरह वहां से भागकर पड़ोसियों के घर पहुंची, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.




