सारंगढ़ | अवैध उत्खनन के खिलाफ सारंगढ़-बिलाइगढ़ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं की कमर तोड़ दी है। सरिया तहसील के ग्राम छैलफोरा में एसडीएम सारंगढ़ के नेतृत्व में दी गई दबिश ने अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है।
पिछले लंबे समय से जिला प्रशासन को ग्राम छैलफोरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। खनिज माफिया बेखौफ होकर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रहे थे। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सारंगढ़ ने एक गुप्त रणनीति बनाई और राजस्व विभाग के भारी अमले के साथ मौके पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
जैसे ही प्रशासनिक अमला और सरिया तहसीलदार की टीम छैलफोरा पहुंची, वहां अवैध उत्खनन का कार्य जोरों पर चल रहा था। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद ऑपरेटरों और माफियाओं के गुर्गों को भागने का मौका तक नहीं मिला। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 05 पोकलेन और 01 जेसीबी को अपने कब्जे में ले लिया। भारी मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें स्थानीय ग्राम पंचायत की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

माइनिंग विभाग को भेजा जाएगा प्रतिवेदन-
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह केवल प्राथमिक कार्रवाई है। जब्त की गई मशीनों और मौके के पंचनामे के आधार पर एक विस्तृत प्रतिवेदन खनिज विभाग को भेजा जा रहा है। अवैध उत्खनन की धाराओं के तहत अब इन मशीनों के मालिकों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
अधिकारी का कथन –
“क्षेत्र में अवैध उत्खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई एक चेतावनी है कि जो भी शासन के नियमों का उल्लंघन करेगा, उस पर इसी तरह की सख्त कार्यवाही की जाएगी।”

- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
