सारंगढ़: छत्तीसगढ़ राज्य के रजत महोत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत दानसरा में एक विशाल जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की और बिजली विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लोकार्पण किया।

शायराना अंदाज में बिजली का महत्व
अपने संबोधन के दौरान श्री पांडेय ने बिजली की महत्ता को बेहद दिलचस्प और शायराना अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा:
“छुओ मत मैं करेंट हूं, छेड़ो मत नहीं तो मैं वारंट हूं… आग, हवा और पानी से मैं बनता हूं, खुद जलकर शहर को रोशन करता हूं, मुझे इतना जलाओ कि मैं खुद न जल जाऊं और आपकी सेवा न कर पाऊं।”
उन्होंने बिजली को जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए कहा कि अस्पतालों से लेकर कारखानों तक, बिजली के बिना विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
निजी अनुभव से किया जागरूक-
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को बढ़ावा देते हुए संजय भूषण पांडेय ने अपना स्वयं का उदाहरण जनता के सामने रखा। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल 22 से 28 हजार रुपये के बीच आता था। लेकिन जब से उन्होंने 7.5 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाया है, तब से उनका बिजली बिल गिरकर 28 रुपये से भी कम हो गया है। उनके इस अनुभव ने उपस्थित ग्रामीणों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी और सम्मान समारोह-
कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विस्तृत प्रदर्शनी में ग्रामीणों को बीपीएल कनेक्शन, कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम कुसुम योजना और मोर बिजली ऐप के बारे में तकनीकी जानकारी दी गई। इस अवसर पर श्री पांडेय ने समय पर बिल भुगतान करने वाले जागरूक उपभोक्ताओं, जैसे सालिकराम टंडन और सुखीराम खूंटे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक छटा और उपस्थिति-
कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों ने “हमर सुग्घर छत्तीसगढ़” गीत पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, कार्यपालन यंत्री पीसी महानंदा, जनपद सदस्य सुशीला साहू, सरपंच पदमा निषाद सहित भारी संख्या में ग्रामीण और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
