कोलकाता का विजयी आगाज, रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद को 4 रन से हराया….

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) के 17वें सीजन के तीसरे मुकाबले में शनिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 रन से हराया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 208 रन बनाए।
आंद्रे रसेल (64) ने तूफानी अर्धशतक लगाया। जवाब में हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी। हेनरिक क्लासेन ने भरसक प्रयास किया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
हैदराबाद को मिली अच्छी शुरुआत
209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत काफी अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। हर्षित राणा ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने मयंक को रिंकू सिंह के साथों कैच आउट कराया। मयंक ने 21 गेंदों पर 32 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का लगा। 71 के स्कोर पर SRH को दूसरा झटका लगा। अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली। आंद्रे रसेल ने उनका शिकार किया।
मार्कराम ने बनाए 18 रन
राहुल त्रिपाठी और एडेन मार्कराम के बीच तीसरे विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी हुई। 12वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने मार्कराम का विकेट चटकाया। उन्होंने 13 गेंदों पर 18 रन बनाए। अगले ही ओवर में सुनील नरेन ने राहुल त्रिपाठी को पवेलियन भेजा। त्रिपाठी ने 1 छक्के की मदद से 20 गेंदों पर 20 रन बनाए। 17वें ओवर में हैदराबाद का 5वां विकेट गिरा। अब्दुल समद ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए।
क्लासेन की तूफानी पारी
शाहबाज अहमद और हेनरिक क्लासेन ने छठे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी निभाई। आखिरी ओवर में अहमद पवेलियन लौटे। उन्होंने 5 गेंदों पर 16 रन बनाए। इसी ओवर में विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन भी अपना विकेट गंवा बैठे। हैदराबाद को जीत की ओर ले जा रहे क्लासेन ने 29 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली। इस दौरान क्लासेन ने 8 छक्के लगाए। कोलकाता की ओर से हर्षित राणा को 3, आंद्रे रसेल को 2 और वरुण चक्रवर्ती-सुनील नरेन को 1-1 सफलता मिली।
KKR ने बनाए थे 208 रन
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स ने 208 रन बनाए थे। आंद्रे रसेल 25 गेंदों पर 64 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के जड़े। उनके अलावा फिलिप साल्ट (54) ने भी अर्धशतक लगाया। रमनदीप सिंह ने 35 और रिंकू सिंह ने 23 रन की पारी खेली। हैदराबाद की ओर से टी नटराजन को 3 और मयंक मारकंडे को 2 सफलताएं मिलीं। उनके अलावा कप्तान पैट कमिंस को 1 सफलता मिली।
- रेखा वैष्णव के नेतृत्व मे छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा रायगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न..बैठक मे प्रांतीय उपाध्यक्ष लखन दास वैष्णव एवं प्रांतीय युवा अध्यक्ष विश्वनाथ बैरागी की उपस्थिति.. - December 18, 2025
- हरिनाथ खूंटे बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री - December 18, 2025
- 28 दिसंबर 2025 को सभी वैष्णव पदाधिकारी सूरजपुर अवश्य पहुंचे – लखन दास वैष्णव - December 18, 2025

