वेस्टइंडीज के क्रिकेटर फैबियन एलन हाल ही में जोहान्सबर्ग में बंदूक की नोक पर लूटपाट की घटना का शिकार हो गए। जमैका के 28 साल के ऑलराउंडर फैबियन एलन को टीम होटल के बाहर निशाना बनाया गया।

फैबियन एलन वर्तमान में SA20 लीग में पार्ल रॉयल्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं। पार्ल रॉयल्स की टीम जोहान्सबर्ग में सैंडटन सन होटल में ठहरी है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, फैबियन एलन सैंडटन सन होटल के सामने थे तभी कुछ हथियारबंद लुटेरे वहां पहुंचे। उन्होंने फैबियन एलन के सिर पर बंदूक रख दी और उनका महंगा मोबाइल फोन और बैग समेत निजी सामान छीन लिया और भाग गए। इस घटना ने SA20 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पार्ल रॉयल्स टीम और क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) से जुड़े कई सूत्रों ने क्रिकबज से इस घटना की पुष्टि की है। सीडब्ल्यूआई (क्रिकेट वेस्टइंडीज) के एक सूत्र ने घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि फैबियन एलन को कोई नुकसान (चोट आदि) नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त वेस्टइंडीज बोर्ड के एक प्रतिनिधि ने खिलाड़ी से बातचीत की है। SA20 के पदाधिकारियों ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।
सीडब्ल्यूआई के एक शीर्ष पदाधिकारी ने क्रिकबज को बताया, जमैका के ही रहने वाले हमारे मुख्य कोच आंद्रे कोली ने फैबियन से संपर्क किया। ओबेड मैककॉय (वेस्टइंडीज के एक अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी) के माध्यम से सफलतापूर्वक संपर्क स्थापित किया गया। वह ठीक हैं। यदि कोई अधिक जानकारी है तो सीएसए (क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका) और उनकी टीम पार्ल रॉयल्स शेयर कर सकते हैं।
जानकारी हासिल करने के प्रयासों के बावजूद पार्ल रॉयल्स प्रबंधन को भेजे गए प्रश्नों का कोई उत्तर नहीं मिला। SA20 लीग के प्रवक्ता ने घटना से इनकार नहीं करते हुए कहा कि उनके पास तत्काल कोई जानकारी नहीं थी। टिप्पणी के लिए खिलाड़ी से संपर्क नहीं हो पाया। यह घटना हाल के दिनों में SA20 खिलाड़ियों से जुड़े सुरक्षा संबंधी प्रकरण की दूसरी घटना है।
यह लीग का दूसरा सीजन है, जो प्लेऑफ चरण में पहुंच गया है। पार्ल रॉयल्स क्वालिफायर 1 के बाद 7 फरवरी को एलिमिनेटर खेलेगी। फाइनल 10 फरवरी को खेला जाना है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में फैबियन एलन मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। हालांकि, आईपीएल 2024 के लिए हुई नीलामी में वह नहीं बिके थे। उनका बेस प्राइस 75 लाख रुपये थे।
- सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आध्यात्मिक मूल्यों की मिसाल पेश कर रहा मनसा नर्सिंग होम..नौ दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य समापन, ‘बप्पा’ को भावभीनी विदाई..डॉक्टरों व स्टाफ ने की क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना.. - September 22, 2026
- MP-CG की सहमति के बाद भी नहीं मिला एरियर, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 17 दिसंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बंपर नियुक्तियों के अवसर, व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी खबर… - September 22, 2026
