वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के उप वन क्षेत्र सोनगरा के कक्ष क्रमांक पी 1685 के जंगल में अवैध रूप से वन्य जीवों का शिकार कर उनका मांस निकाल पकाने की तैयारी कर रहे नौ आरोपितों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम वन परिक्षेत्र प्रतापपुर अंतर्गत उप वन क्षेत्र सोनगरा के डिप्टी रेंजर आनंद सरकार को मुखबिर से सूचना मिली कि उप वन क्षेत्र सोनगरा के कांसदोहर में कुछ लोगों के द्वारा वन्य जीव चीतल का अवैध रूप से शिकार कर उसे पति राम गोंड़ के घर पर ले जाया गया है। जहां उसके शरीर के टुकड़े करते हुए मांस निकाला जा रहा है। सूचना से तत्काल प्रतापपुर के उप वन मंडलाधिकारी आशुतोष भगत व रेंजर विनय कुमार टंडन को अवगत कराया गया।

जिसके बाद दोनों ही अधिकारियों ने वन अमले को लेकर पति राम के घर पर दबिश दी तो देखा कि वहां मौजूद नौ लोग तीन चीतलों की गर्दन काटकर उनके शरीर से मांस निकाल रहे हैं। वन अमले को देखते ही चीतल का मांस निकाल रहे आरोपितों ने भागने की कोशिश की पर वन अमले ने उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। वन अमले ने आरोपितों के पास से तीन चीतलों की कटी हुई गर्दन सहित उनका कच्चा मांस, मांस पकाने की एक कड़ाही, शिकार में प्रयुक्त हथियार सहित सामान बरामद किया है।

वन अमले ने सभी नौ आरोपित जिनमें पति राम (65), विफल राम (60) निवासी कांसदोहर, छोटू पिता सुरजन (25) , चमर साय (52) निवासी गौरा, चेतन पोर्ते (28) निवासी कल्याणपुर, नंदकुमार (23), मान साय (22) निवासी चंदरपुर, रामप्रसाद (55) निवासी ढोड़ी( हरिपुर), मोहन उर्फ तेजू (23) निवासी हरिपुर को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 व 51 का उल्लंघन करने के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
