छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मोती बाग (Moti Bagh)के सामने सालेम स्कूल (Salem School)के अहाते से सटाकर अवैध रूप से चल रही चौपाटी पर कार्रवाई करने के लिए निगम की टीम पहुंच गई है।
सालेम स्कूल में पढ़ रही छात्राओं ने छेड़छाड़ और बदसलूकी करने की शिकायत की थी। जिसके बाद अब निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची है। इसके अलावा पुलिस की ओर से भी छेड़छाड़ करने वाले युवकों पर कार्रवाई की तैयारी है।

उल्लेखनीय है कि, सालेम स्कूल (Salem School) की छात्राओं (students) ने सोमवार को रैली निकालकर असामाजिक तत्वों से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। छात्राओं का कहना था कि, बगैर अनुमति स्कूल की दीवारों से सटाकर दुकान खोल लिए गए हैं। स्कूल की पूरी बाउंड्रीवॉल पर असामाजिक तत्वों का कब्जा हो गया है। वे प्रसाधन इस्तेमाल करने स्कूल परिसर में भी घुस जाते हैं। इससे छात्राओं को दिक्कत होती है। यही नहीं शाला मैदान में शराब की बोतलें, नशे की सामग्री सहित अन्य आपत्तिजनक चीजें भी वे छोड़ जाते हैं।
प्राचार्य ने कहा था, घट सकती है अप्रिय घटना
यहां छठवीं से बारहवीं कक्षा तक की छात्राएं अध्ययनरत हैं। रैली में 70 से 80 छात्राएं शामिल हुई। प्राचार्य मुकेश कुमार ने कहा, किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के स्थान पर जल्द से जल्द छात्राओं की समस्याएं सुनी जानी चाहिए। इसका प्रभाव छात्राओं की पढ़ाई पर भी पड़ता है। स्कूल की छुट्टी के दौरान शाम के वक्त यहां जाम की स्थिति बन जाती है। छात्राएं इस माहौल में अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं।
मीडिया ने उठाया मुद्दा
यह पहली बार नहीं है, जब स्कूली बच्चों को इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हो। बीते सप्ताह टैगोर नगर में एक कोचिंग सेंटर के बाहर 11वीं के छात्र को दौड़ा- दौड़ाकर चाकू मारा गया था। शहर में कई ऐसी जगहें हैं, जहां शैक्षणिक संस्थानों के आस-पास ठेले-गुमटियां संचालित हैं। यहां दिनभर असमाजिक तत्वों का जमावाड़ा लगा रहता है। नियमतः शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में पान-मसाला, गुटखा, तंबाखू सहित किसी भी तरह की नशीली चीजों की बिक्री प्रतिबंधित है। हरिभूमि ने छात्रों की इस समस्या को गंभीरता के साथ उठाया था। इसके बाद भी जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई एक्शन नहीं लिया गया।
- थार से मिले करीब 10 लाख रुपये, दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई… - June 14, 2026
- टुण्डरी वन नाका का वायरल वीडियो बना चर्चा का केंद्र, कथित अवैध वसूली के आरोपों ने बढ़ाए सवाल… - June 14, 2026
- बोरिंग सोया चंक्स को दें चीजी और स्पाइसी ट्विस्ट, जानिए प्रोटीन से भरपूर एमा दात्शी स्टाइल… - June 14, 2026

