छत्तीसगढ़ में किसानों को नकली कीटनाशक थमाया जा रहा है। कुछ कीटनाशक दुकानदार कंपनी के मूल उत्पाद की जगह नकली यानी उसी नाम से निर्मित करवाकर उत्पाद को किसानों को बेचकर रहे हैं।
यह शिकायत एफएमसी कंपनी के उप महाप्रबंधक राजीव कुमार दत्ता ने कृषि विभाग से की है। कंपनी ने प्रदेश की 40 दुकानों की सूची भी दी है, जहां से नकली कीटनाशक किसानों को बांटा गया है।

कंपनी ने आरोप लगाया है कि उनके उत्पाद फरटेरा-4 केजी के स्थान पर नकली उत्पाद बनाकर जिलों के डीलर के द्वारा बेचा जा रहा है। कंपनी ने इन दुकानों का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। मामले में कृषि संचालनालय ने रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कवर्धा, खैरागढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और बस्तर से सात दिन के भीतर जांच करके रिपोर्ट मांगी है।
यह पहली दफा नहीं है जब प्रदेश में किसानों को नकली कीटनाशक थमाया गया हो। इसके पहले भी विभाग ने लगातार जांच में नकली कीटनाशक बेच रहे डीलरों को पकड़ा है। जानकारों का कहना है कि प्रदेश में खाद, बीज व कीटनाशक की सैकड़ों दुकानें हैं, जो गांव-गांव खुल गई हैं।
कीटनाशक विक्रेता बेरोकटोक किसानों को गुमराह कर अपना माल बेच रहे हैं। कंपनी ने पत्र में लिखा है कि छत्तीसगढ़ में किसानों के फसल के उत्पादन में भारी गिरावट आएगी। जिससे किसानों का आर्थिक नुकसान भी होगा। और इससे परेशान होकर किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
छत्तीसगढ़ कृषि विभाग के अपर संचालक एससी पदम ने कहा, प्रदेश के कुछ जिलों में मूल कंपनी के उत्पाद की जगह नकली कीटनाशक बेचने की शिकायत मिली है। इसके बाद इन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने को जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री के नवीन शेष ने कहा, नकली कीटनाशक खेतों में डाला गया तो इसका असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा। किसान कर्ज लेकर खेती करता है, खेती चौपट होने से कर्जा कैसे चुकाएगा। इन परिस्थितियों में ही किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाता है। इसका पूरा दोष कृषि विभाग और शासन-प्रशासन का होगा। कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
- हल्का नंबर 45 में पटवारी की मनमानी चरम पर..मुख्यालय से पटवारी नदारद, नामांतरण और सीमांकन के लिए चप्पलें घिस रहे किसान..‘सेवा संकल्प शिविर’ में फूटेगा जनता का गुस्सा! - September 26, 2026
- छत्तीसगढ़ में गेहूं लोड ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 6 की दर्दनाक मौत, ट्रक के नीचे दबे मिले शव, 7 गंभीर घायल… - September 26, 2026
- छत्तीसगढ़ में नाबालिग के गर्भवती होने पर शुरू हुई जांच, हुआ ऐसा खुलासा कि पुलिस भी रह गई दंग… - September 26, 2026
