रायगढ़: बिना लाईसेंस के संचालित अस्पतालों पर करें कार्यवाही-कलेक्टर भीम सिंह
रायगढ़, जिले में जितने भी अस्पताल चल रहे है, उन्होंने नर्सिंग होम एक्ट के तहत अपना पंजीयन करवाया है अथवा नहीं इसकी जांच की जाए। बिना पंजीयन के संचालित हो रहे अस्पतालों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर भीम सिंह ने आज समय-सीमा की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बिना लाईसेंस के अस्पताल संचालन करना गैर कानूनी है। ऐसे सभी अस्पतालों पर तत्काल कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने समय-सीमा की बैठक में जिले में चल रहे शासकीय योजनाओं तथा विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने वन अधिकार पत्र वितरण हेतु चल रही प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का ग्राम सभा व वार्ड सभा से अनुमोदन करवाकर एसडीएलसी समिति से जिला स्तर पर आगे की कार्यवाही के लिए भेजने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए। उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह के भीतर अनुविभाग स्तर से सभी अनुमोदित प्रकरण जिले को भेजे जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने धान उठाव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में शेष बचे धान का जल्द उठाव पूरा करवाने के लिए डीएमओ को निर्देशित किया। केसीसी निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लीड बैंक मैनेजर के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन व उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को तेजी से प्रकरणों को स्वीकृत करवाते हुए अधिक संख्या में केसीसी निर्माण के लिए निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने खनिज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन पर नियमित कार्यवाही जारी रहनी चाहिए। साथ ही रेत की कीमतों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बाजार में रेत निर्धारित कीमतों पर उपलब्ध हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए ऐसे स्कूल, आंगनबाड़ी व स्वास्थ्य केन्द्र जहां रनिंग वाटर सप्लाई का कार्य शेष है उसे सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने घरेलू नल कनेक्शन की संख्या भी तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी एसडीएम से नगरीय निकाय व ग्राम पंचायतों में राजीव युवा मितान क्लब के गठन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त एस.जयवर्धन, सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल,अपर कलेक्टर आर.ए.कुरूवंशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
- सुबह नाश्ते में बनाएं आलू ब्रेड रोल, कुरकुरा और टेस्टी बनाने के लिए नोट कर लें रेसिपी… - March 10, 2026
- सावधान! बच्चों की फेवरेट डिश छीन रही सांसें? मोमोज-चाप खाकर सोए भाई-बहन, रात में हो गई मौत… - March 10, 2026
- छत्तीसगढ़:चंद घंटों में गुमशुदा बालक को पुलिस ने किया बरामद, सुरक्षित लौटा घर… - March 10, 2026
