सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने पुलिसिंग को लेकर सख्त रुख अपनाया है। एसपी के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्ती और आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रभावी रणनीति के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा
एसपी ने जिले में गांजा एवं अवैध शराब के परिवहन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा।
साइबर अपराध पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई। पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि साइबर अपराध के मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
60 दिन से पुराना मामला लंबित मिला तो जवाबदेही तय
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने लंबित मामलों के निराकरण को लेकर थाना प्रभारियों को स्पष्ट समय-सीमा दी। उन्होंने कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि किसी भी थाने में 60 दिन से अधिक पुराना कोई प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। लंबित शिकायतों, मर्ग, खात्मा और अपराध प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
एसपी ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि पीड़ित व्यक्ति को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। समय पर कार्रवाई और त्वरित निराकरण से आम नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
एसपी का स्पष्ट संदेश—अपराध पर जीरो टॉलरेंस, जनता का भरोसा सर्वोपरि
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ बेहतर जनसेवा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि अपराध की रोकथाम के लिए भी लगातार प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
एसपी सुनील शर्मा के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़
जिले में नशे के कारोबार, साइबर अपराध और लंबित प्रकरणों को लेकर पुलिस अब और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह नजर आएगी। बैठक में दिए गए निर्देशों से जहां अपराधियों में सख्ती का संदेश गया है, वहीं आम नागरिकों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद भी मजबूत हुई है।


- छह गायों से 65 लीटर दूध, नीलाम्बर की बदली तकदीर…. - September 27, 2026
- एनीमिया के खिलाफ सतत अभियान जरूरी, जांच और जागरूकता से बच सकती हैं जिंदगियां… - September 27, 2026
- जलप्रलय की कगार पर महानदी..सड़कों पर सैलाब, गिधौरी से चंद्रपुर तक हाहाकार..पोरथ शिव मंदिर जलमग्न, डाकघर और राशन गोदाम में घुसी बाढ़..सारंगढ़-रायगढ़ हाईवे ठप, लात नाला पुल डूबा..धान की फसलें तबाह, सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न… - September 27, 2026
