सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में यातायात सेल सारंगढ़ द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम लोगों की यात्रा को सुरक्षित बनाना है। पुलिस की लगातार सक्रियता से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में भी कार्रवाई का भय नजर आने लगा है।

16 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹5,200 का अर्थदंड
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने वाले कुल 16 वाहन चालकों के विरुद्ध विधिवत चालानी कार्रवाई की गई। इनमें धारा 50/177 के तहत वाहनों पर स्पष्ट रूप से रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं करने वाले 14 वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 4,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वहीं मोटरसाइकिल पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने यानी ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। धारा 128/194(C) के तहत ऐसे 2 प्रकरण बनाए गए, जिनमें कुल 1,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इस तरह अभियान के दौरान कुल 16 मामलों में कार्रवाई कर 5,200 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
चालान के साथ समझाइश भी
यातायात पुलिस ने कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश भी दी। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और मोटरसाइकिल पर तीन सवारी नहीं बैठाने की अपील की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन करना केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
एसपी के निर्देश पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसपी सुनील शर्मा की सक्रिय कार्यशैली और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती के चलते सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस का अभियान लगातार गति पकड़ रहा है।


- छह गायों से 65 लीटर दूध, नीलाम्बर की बदली तकदीर…. - September 27, 2026
- एनीमिया के खिलाफ सतत अभियान जरूरी, जांच और जागरूकता से बच सकती हैं जिंदगियां… - September 27, 2026
- जलप्रलय की कगार पर महानदी..सड़कों पर सैलाब, गिधौरी से चंद्रपुर तक हाहाकार..पोरथ शिव मंदिर जलमग्न, डाकघर और राशन गोदाम में घुसी बाढ़..सारंगढ़-रायगढ़ हाईवे ठप, लात नाला पुल डूबा..धान की फसलें तबाह, सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न… - September 27, 2026
