सारंगढ़। धन्य हो सारंगढ़ अंचल! यहाँ के चोरों का ‘टैलेंट’ देखकर तो अब हॉलीवुड वाले भी अपनी फिल्मों की स्क्रिप्ट बदलने पर मजबूर हो जाएंगे। पहले तो गाड़ियाँ खड़ी देखकर चोर सिर्फ डीजल की चुस्की लिया करते थे, लेकिन अब उनका ‘स्टैमिना’ इतना बढ़ गया है कि पूरी की पूरी गाड़ी को बिना चक्के का बनाकर जैक पर छोड़ दे रहे हैं।

ताज़ा मामला सारंगढ़-बरमकेला मुख्य मार्ग के मल्दा गाँव (बंजारी मंदिर के पास) का है, जहाँ चोरों की किसी ‘विशेष विशेषज्ञ टीम’ ने एक 14 चक्का अशोक लीलैंड ट्रक पर ऐसी मेहरबानी दिखाई कि एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 8 चक्के डिस्क समेत गायब कर दिए! करीब 80,000 रुपये का यह माल चुराकर चोरों ने साबित कर दिया कि मेहनत करो तो क्या कुछ नहीं हो सकता!
पीड़ित वाहन मालिक अनिल अग्रवाल (निवासी – देवेंद्र नगर, रायपुर) का 14 चक्का ट्रक (CG 04 M 2972) बीती 15 मई को बंजारी मंदिर के पास शॉर्ट सर्किट के कारण सांसें तोड़ बैठा था। बेचारा ड्राइवर गाड़ी को वहीं भगवान भरोसे छोड़कर चला गया।
चोरों ने इस दो महीने से खड़ी गाड़ी को देखा और सोचा “खाली खड़ी गाड़ी धर्म का काम है, इसमें से 8 चक्के निकाल लें तो भगवान भी बुरा नहीं मानेंगे!”
फिर क्या था! भारी भीड़-भाड़ वाले इलाके और चौराहे के ठीक पास, जहाँ देर रात तक गाड़ियों का मेला लगा रहता है, वहाँ चोरों के ‘मास्टर शेफ्स’ ने बड़ी इत्मीनान से जैक लगाया, पाना घुमाया और 8 भारी-भरकम टायर डिस्क के साथ पार कर दिए। यह काम किसी एक-दो नौसिखिए का नहीं, बल्कि आधा दर्जन से अधिक ‘अनुभवी’ चोरों की पूरी पलटन का लगता है, जिन्होंने पूरे अनुशासन के साथ इस घटना को अंजाम दिया।
जब 12 जुलाई को ड्राइवर ने फोन करके मालिक को यह ‘सूचना ‘ दी, तब जाकर सिटी कोतवाली थाना सारंगढ़ में अज्ञात ‘कारीगरों’ के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कराया गया।
अब सवाल यह उठता है कि क्या सारंगढ़ की सड़कों पर अब गाड़ियाँ खड़ी करना भी गुनाह हो गया है? डीजल चोरों के बाद अब यह ‘टायर चोर गैंग’ खुलेआम घूम रहा है है। जनता पूछ रही है साहब, अब गाड़ियाँ सड़क पर छोड़ें या जेब में रखकर घूमना शुरू कर दें?
- पीड़ितों की बुलंद आवाज बनीं विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े..करोड़ों की ठगी के खिलाफ एसपी से की सीधी शिकायत..11 कथित प्राइवेट बैंकों की जांच की मांग.. - July 21, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती, टीआई प्रमोद यादव की रणनीति रंग लाई: चाकूबाजी का आरोपी घंटों में गिरफ्तार… - July 21, 2026
- सारंगढ़:एसपी सुनील शर्मा की सख्ती का असर, सड़कों से हटा अतिक्रमण, 69 लापरवाहों पर कार्रवाई, वसूला ₹46,700 जुर्माना… - July 21, 2026




