सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन और कड़े निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंकों के आसपास घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की समय रहते पहचान कर किसी भी आपराधिक घटना को रोकना है। पुलिस ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, स्ट्रॉन्ग रूम, लॉकर और सुरक्षा रजिस्टरों की गहन जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि सभी सुरक्षा उपकरण सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों की सतर्कता भी परखी गई। उनके हथियारों के लाइसेंस की जांच की गई और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बैंक में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों तथा आपातकालीन निकास द्वारों की स्थिति का भी परीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि बैंक परिसर या उसके आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बैंक ग्राहकों, कर्मचारियों व बैंक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष चेकिंग एवं गश्त अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।





