सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छ.ग.), 03 जुलाई 2026। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग (ब्लॉक उलखर-कोसीर) के अध्यक्ष विधाता पटेल ने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 31 सदस्यीय प्रथम आधिकारिक कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस गठन को संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को नई ऊर्जा देने वाली पहल माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्राकर के अनुमोदन तथा जिला अध्यक्ष मितेन्द्र यादव की अनुशंसा पर घोषित इस कार्यकारिणी में अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विधाता पटेल ने संगठन में संतुलन, समर्पण और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को प्राथमिकता देते हुए नई टीम का गठन किया है।
घोषित सूची के अनुसार संतोष आदित्य (कोसीर), रामायण चन्द्रा (बरदूला), शंकर बरेठ (गन्तुली छोटे), गोपाल आदित्य (जशपुर) एवं अनिलदास महंत (उलखर) को ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाया गया है। संजय साहू (जशपुर) को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शशि कुमार चन्द्रा, सम्पतलाल मैत्री, भरथरी प्रजापति, लक्ष्मी प्रसाद चन्द्रा एवं भागीरथी बरेठ को ब्लॉक महामंत्री नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा संगठन को और अधिक गतिशील बनाने के उद्देश्य से 9 सचिव, 1 प्रवक्ता फिरूलाल माली, 1 मीडिया प्रभारी राजूदास, 6 स्थायी सदस्य तथा 3 विशेष आमंत्रित सदस्यों सहित कुल 31 पदाधिकारियों को कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष विधाता पटेल ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत तथा स्थानीय विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े के मार्गदर्शन में नई टीम कांग्रेस की विचारधारा, जनहितकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
नई कार्यकारिणी के गठन पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विधाता पटेल की संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए इसे कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई।





