छत्तीसगढ़:IPL सट्टा रैकेट, पुलिस ने 2 सटोरियों को रंगे हाथ दबोचा…
आईपीएल सीजन के दौरान अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर कबीरधाम पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में थाना पंडरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर घोघरापारा क्षेत्र में की, जहां आरोपी लंबे समय से डिजिटल माध्यम से सट्टा नेटवर्क चला रहे थे।
जानकारी के मुताबिक शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर थाना पंडरिया की टीम ने घोघरापारा क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान महेंद्र ढीमर उर्फ छोटा (25 वर्ष) और नागेश्वर उर्फ सोनू राव (31 वर्ष), दोनों निवासी पंडरिया, को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम चैनलों से सट्टा लिंक लेकर मोबाइल नंबर के जरिए आईडी बनाते थे और अपने बैंक खातों को लिंक कर व्हाट्सएप चैट के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर सट्टा खिलाते थे। पूरा लेन-देन ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 स्मार्ट मोबाइल फोन (करीब 30 हजार रुपये मूल्य) जब्त किए हैं। साथ ही बैंक खातों, टेलीग्राम और व्हाट्सएप चैट से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
आरोपियों के खिलाफ थाना पंडरिया में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। कबीरधाम पुलिस ने चेतावनी दी है कि ‘Betting में एंट्री ली, तो विकेट गिरना तय है।’ जिले में सट्टा और जुए के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आईपीएल का आनंद खेल भावना के साथ लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
- वैष्णव महासभा के ‘विष्णु महायज्ञ’ में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय – विश्वनाथ बैरागी - April 14, 2026
- नकली दवा गिरोह का भंडाफोड़: इंदौर से संचालित मास्टरमाइंड, सारंगढ़ में तीन आरोपी गिरफ्तार… - April 14, 2026
- भाजपा कार्यालय में गूंजा बाबा साहब का संदेश: समानता, न्याय और शिक्षा का लिया संकल्प… - April 14, 2026
