सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में ज्वेलरी शॉप से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने की दो अंगूठियां, 7 मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए हैं।

ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य राजस्थान और दो उत्तर प्रदेश के हैं। घटना 3 मार्च 2023 की है। सूरजपुर के शिवशक्ति ज्वेलर्स में एक महिला सहित चार लोग जेवर खरीदने आए। उस समय दुकान में मालिक के बेटे संतोष गुप्ता मौजूद था। आरोपियों ने पांच लाख रुपए के जेवर पसंद किए और बताया कि उनके पास पुराना सोने का लॉकेट और उसका बिल है।
जालसाजों ने संतोष को झांसा दिया कि वे जेवरों के बदले में लॉकेट रखेंगे और बाकी रकम नकद देंगे। उन्होंने कुल 239 ग्राम के 24 लॉकेट दिए, जो देखने में असली सोने जैसे लग रहे थे। संतोष ने बिना गहराई से जांच किए इन्हें असली मान लिया। अनुभव की कमी के चलते संतोष ने आरोपियों को 5 लाख रुपये के जेवर और 4 लाख रुपये नकद दे दिए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि दो दिन बाद उसके पिता के लौटने पर वे जेवर और पैसे वापस कर देंगे और लॉकेट ले जाएंगे। जब संतोष के पिता लौटे और लॉकेट की जांच करवाई, तो पता चला कि ये सिर्फ सोने की पॉलिश किए हुए नकली लॉकेट थे।
इसके बाद सूरजपुर थाने में धारा 420 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया। डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की टीम बनाई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्नोलॉजी की मदद से उनकी निगरानी की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मध्यप्रदेश के हरदा जिले छिपे हुए हैं। टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से वहां दबिश दी और 7 आरोपियों को धरदबोचा। पूछताछ में सभी ने अपराध कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 2 सोने की अंगूठियां, 7 मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए हैं। गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
- MP-CG की सहमति के बाद भी नहीं मिला एरियर, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 17 दिसंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बंपर नियुक्तियों के अवसर, व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी खबर… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ में 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म, स्कूल के शिक्षक ने बनाया का हवस का शिकार, इस जिले से सामने आया गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला… - September 22, 2026
