उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में 2 दलित सगी बहनों के शव पेड़ पर लटके मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. निघासन थाना इलाके के तमोलीन पुरवा गांव से बुधवार दोपहर लड़कियों का अपहरण हुआ था, जिसके कुछ देर बाद नजदीकी गन्ने के खेत में लगे एक पेड़ से दोनों के मृत शरीर झूलते मिले.

मृतक लड़कियों की मां ने बताया, वह अपनी 15 साल और 17 साल की दो बेटियों के साथ घर के बाहर बैठी हुई थी. इसी बीच जब वह घर के अंदर गई, तभी मौके पर बाइक सवार 3 युवक पहुंच गए. उन तीन में से दो लड़कों ने उनकी बेटियों को घसीटकर बाइक पर बैठा लिया और दोनों को लेकर मौके से फरार हो गए. उसके बाद दोनों लड़कियों के शव पेड़ से लटके हुए मिले.
आईजी लक्ष्मी सिंह मौके के लिए रवाना
गांव के बाहर खेत में दलित लड़कियों के शव लटके होने की जानकारी मिलते ही भारी फोर्स के साथ लखीमपुर खीरी जिले के एसपी संजीव सुमन, एडिशनल एसपी अरुण कुमार सिंह और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ जोन की आईजी लक्ष्मी सिंह भी लखीमपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं.
बेटियों को जबरदस्ती उठा ले गए थे तीन लड़के: मां
लड़कियों की मां ने आगे बताया, ‘मैं जैसे ही अंदर गई तभी बाइक पर आए पीली शर्ट और सफेद शर्ट पहने दो लड़के बेटियों को घसीटने लगे, जबकि नीली शर्ट वाले युवक ने गाड़ी स्टार्ट की और उन्हें लेकर भाग गए. महिला ने कहा कि इस दौरान मेरे कपड़े भी फट गए. यह तीनों लड़के रोज आते थे.” महिला के मुताबिक, तीनों ही लालपुर के रहने वाले थे.
घटना के बाद पुलिस को डायल 112 के जरिए शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर इसकी सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो पिता ने बताया, मेरी दोनों बेटियां दोपहर 2 बजे से गायब थीं. उनका अपहरण हो गया था. इसके बाद दोनों लड़कियों की लाश पेड़ से लटकी हुई मिली.
दो दलित लड़कियों का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने के बाद मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने राज्य सरकार को घेर लिया है और दोषियों को कठोर सजा दिए जाने की मांग की है.
सपा ने CM योगी पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की तरफ से ट्विटर पर लिखा गया, ‘महिला सुरक्षा को लेकर खोखले दावे करने वाले यूपी के मुख्यमंत्री की सच्चाई!, लखीमपुर खीरी में दो नाबालिग दलित बहनों का शव पेड़ से लटकता मिला. योगी सरकार में गुंडे रोज़ कर रहे माताओं बहनों का उत्पीड़न, बेहद शर्मनाक! मामले की जांच कराए सरकार, दोषियों को मिले कठोरतम सज़ा’
- MP-CG की सहमति के बाद भी नहीं मिला एरियर, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 17 दिसंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बंपर नियुक्तियों के अवसर, व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी खबर… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ में 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म, स्कूल के शिक्षक ने बनाया का हवस का शिकार, इस जिले से सामने आया गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला… - September 22, 2026
