रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बुधवार को रायपुर स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह समारोह हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता बंधुओं का है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने तन मन धन से परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए ऐतिहासिक बहुमत से 54 सीट दिलाई है। यह सब आप सभी की बदौलत हुआ है। इससे पहले ही हमारी तीन बार सरकार रही है लेकिन इतना वोट प्रतिशत कभी नहीं बढ़ा।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बहुत बड़ा विश्वास किया है। मोदी की गारंटी पर भरोसा किया है। मैं छत्तीसगढ़ की जनता को प्रणाम करता हूं। ओम माथुर जी जब छत्तीसगढ़ के प्रभारी बनकर आए तो वह कहा करते थे निश्चित ही हमारी सरकार बनी थी, हम सबने ये देखा कि यह कैसे संभव हुआ। हमारे केंद्रीय नेताओं ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं का लगातार उत्साह बढ़ाया हमारी जीत इसी का परिणाम है। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि मोदी जी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारी सरकार बने ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, लेकिन हमने कई महत्वपूर्ण निर्णय ले लिए हैं। 13 तारीख को शपथ लेने के दूसरे ही दिन 14 दिसंबर को हमने 18 लाख आवासहीन परिवारों के हित में निर्णय लिया। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के दिन हमने 12 लाख से ज्यादा किसानों को 3700 करोड़ रुपये से ज्यादा का बोनस जारी कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के युवाओं से वादा किया था कि पीएससी घोटाले की जांच होगी, दोषियों को नहीं बख़्शा जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम जल्द ही छत्तीसगढ़ से अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि में दर्शन यात्रा प्रारंभ करेंगे। आने वाला चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव है। हमें छत्तीसगढ़ से उन्हें 11 सीटें जीतकर उपहार स्वरूप 11 कमल दिल्ली भेजना है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि विष्णु देव और किरण देव के नेतृत्व में हमें लोकसभा की 11 की 11 सीटें हमें जीतनी है। विधानसभा चुनाव में आप सभी ने छत्तीसगढ़ में आज तक की सबसे बड़ी सीट जीत दिलाई है। भाजपा के कार्यकर्ता जिस परिश्रम और कर्मठता से काम करते हैं, वह वंदनीय है। अब 2024 का लोकसभा चुनाव मोदी जी का चुनाव है, हमें उन्हें 11 सीटें छत्तीसगढ़ की जीतकर देनी है। आपने जिस परिश्रम और पराक्रम से अपनी सरकार बनाई है उससे कई ज्यादा मेहनत और परिश्रम से हमें केन्द्र में मोदी की सरकार बनाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद चुन्नी लाल साहू, विधायक अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, संपत अग्रवाल, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे।
- “लोकतंत्र बचाने की जंग में विपक्ष की बड़ी जीत” — अरुण मालाकार का तीखा हमला - April 25, 2026
- पुलिस का दमदार ऑपरेशन: सेंधमारी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार… - April 25, 2026
- 44°C की तपिश ने तोड़ा रिकॉर्ड: सारंगढ़ में गर्मी का कहर, जनजीवन बेहाल… - April 25, 2026
