एक्शन में सीएम भूपेश, CMO सस्पेंड,शंकरगढ़ में कृषि महाविद्यालय की घोषणा…
रायपुर/प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर निकले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक्शन शुरू हो गया है। दौरे की शुरुआत ही कार्रवाई से हुई है। बलरामपुर जिले के कुसमी में एक महिला के गरीबी रेखा से नाम काटे जाने की शिकायत मिली। इस पर मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत अधिकारी को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के कहते ही रायपुर से निलंबन का आदेश भी जारी हो गया। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने शंकरगढ़ में कृषि महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की है।
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर में बलरामपुर जिले के कुसमी में उतरा। इस दौरान उन्होंने शासकीय उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दुकान संचालक का रजिस्टर देखकर स्टॉक का मिलान किया। वहीं राशन लेने आए लोगों से भी इसकी पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने खुद राशन तौलकर वहां आए लोगों को वितरित किया। इस दौरान शशिकला नाम की एक महिला ने गरीबी रेखा से उसका नाम काटे जाने की शिकायत की। उसने बताया, उसके पास कमाई का निश्चित जरिया नहीं है। वह राशन कार्ड के लिए भटक रही है। शिकायत पर फौरन कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने कुसमी नगर पंचायत के सीएमओ को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, लगातार हिदायत के बावजूद भी अगर जनता को परेशान होना पड़ेगा तो कार्यवाई निश्चित है, इतना समझ लें। मुख्यमंत्री के निर्देश के आधे घंटे के भीतर ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एसके दुबे को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
मंदिरों में पूजा की, कुसमी थाने का निरीक्षण किया
बलरामपुर के कुसमी पहुंचने पर सामरी विधायक चिंतामणि महाराज और दूसरे जनप्रतिनिधियों ने पॉपकॉर्न की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। वहां से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे कुसमी थाने पहुंचा। थाना परिसर में स्थित श्री राम-जानकी मंदिर में मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर पहले दिन के दौरे की शुरुआत की। बाद में उन्होंने थाने का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस कर्मियों के बच्चों को चॉकलेट बांटी। मुख्यमंत्री ने शिव मंदिर पहुंचकर भी पूजा-अर्चना की है।
स्वामी आत्मानंद स्कूल भी गए
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वहां से स्वामी आत्मानंद स्कूल गए। वहां उन्होंने विशेष रूप से बुलाए गए बच्चों से बात की। बच्चों से पढ़ाई, परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
आम के पेड़ तले लगी चौपाल, राहत की घोषणा
बाद में मुख्यमंत्री कुसमी के वार्ड-2 स्थित एक आम के पेड़ के नीचे पहुंचे। यहां चौपाल की व्यवस्था थी। वहां लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कुसमी-सामरी-बलरामपुर मार्ग पर कंठी घाट के पास 8 किलोमीटर सड़के डामरीकरण की घोषणा की। वहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नई तकनीक के एक्सरे मशीन और आईटीआई में नया ट्रेड शुरू करने की भी घोषणा हुई। मुख्यमंत्री ने कुसमी में आलू, टाऊ और मिर्ची के प्रसंस्करण के लिए प्लांट लगाने की भी घोषणा की है।
शंकरगढ़ में भी लगी मुख्यमंत्री की चौपाल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शंकरगढ़ पहुंचे। यह उनके दौरे का दूसरा मुकाम था। शंकरगढ़ में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। पोषण पुनर्वास और एनआरसी का जाकर व्यवस्था देखी। यहां पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर समस्या पूछी। मुख्यमंत्री ने बीएमओ से रोजाना की ओपीडी और मरीजों की जांच के लिए जरूरी मशीनो आदि की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को बाहर से दवाइयां नहीं लिखने का निर्देश दिया। बाद में उन्होंने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत चौपाल लगाकर लोगों की समस्या सुनी। सरकार की कुछ योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान यूक्रेन से वापस लौटे एक छात्र शुभआशीष मिश्र ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर धन्यवाद कहा।
शंकरगढ़ को कॉलेज, पुल-पुलिया और बिजली
मुख्यमंत्री ने आमजनता से भेंट-मुलाकात के दौरान शंकरगढ़ में कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने जगिमा, पटना होकर कोदोडीपा एनएच-343 के बीच वनभूमि में करीब 7 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण, गलफुल्ला नदी में बने पुल की ऊंचाई बढ़ाने, धारानगर से हरिलेटा पहुंच मार्ग पर बिछरी नदी पर पुल निर्माण और पोंड़ी खुर्द गांव से जशपुर के सुलेशा गांव के बीच दनगरी घाट तक करीब 12 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा, जोगापाठ की पांच ग्राम पंचायतों में जहां बिजली नहीं पहुंची है, वहां बिजली देने की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने महुआडीह से भरतपुर के बीच सड़क निर्माण की भी स्वीकृति दी।
- वक्ता मंच की काव्य गोष्ठी: चेतन भारती महामूर्ख बने…”ये साल भी एक सवाल रह गया तेरे नाम का गुलाल रह गया”: राहुल साहू - March 2, 2026
- बरमकेला मे “दो विभाग, दो दुनिया: सड़कों पर पसीना बहा रही पुलिस विभाग ,’कोचियों’ को अभयदान दे रहे आबकारी साहब ? - March 2, 2026
- सारंगढ़ ब्रेकिंग: “सड़क पर पसरा सन्नाटा, बंधापली के पास काल बनकर दौड़ा ट्रक; मौत से जूझ रहा सालर का ईश्वर..” - March 2, 2026
