सारंगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में सारंगढ़ विधानसभा की विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने अपने क्षेत्र के युवाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य मंत्री से सवाल पूछते हुए सारंगढ़ एवं बरमकेला विकासखंड में मेडिकल कॉलेज, दंत चिकित्सा कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज तथा फिजियोथेरेपी कॉलेज की उपलब्धता और भविष्य की सरकारी योजना की जानकारी मांगी।
लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि वर्तमान में सारंगढ़ और बरमकेला विकासखंड में मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज संचालित नहीं हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में केवल सारिया में एक नवीन नर्सिंग महाविद्यालय प्रस्तावित है। इसके अलावा जिले में मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग अथवा फिजियोथेरेपी कॉलेज खोलने का फिलहाल शासन के पास कोई प्रस्ताव नहीं है।
विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने सरकार के जवाब के बाद कहा कि नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर और अन्य जिलों में जाना पड़ता है। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है और कई प्रतिभाशाली युवा चिकित्सा शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जिले की बढ़ती आबादी, स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना के लिए शीघ्र ठोस पहल की जाए।
सदन में चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आई कि मंत्री के जवाब में बरमकेला के स्थान पर सारिया का उल्लेख किया गया, जबकि सारिया रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। इस विषय ने भी क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा को नया आयाम दिया।
क्षेत्र के नागरिकों का मानना है कि यदि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चिकित्सा शिक्षा संस्थान स्थापित किए जाते हैं तो इससे स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा, रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी उल्लेखनीय मजबूती मिलेगी। विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े द्वारा विधानसभा में यह मुद्दा उठाए जाने को क्षेत्र के लोगों ने जनहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।

- छत्तीसगढ़ के इस जिले में रथ यात्रा के समय पुराने होटल का भवन गिरा, नौ लोग घायल…. - July 17, 2026
- छत्तीसगढ़: कुत्ते के काटने के बाद पीड़ित ने 12 छात्रों को काटा, बच्चा स्वस्थ; डॉक्टर जता रहे शरारत की आशंका…. - July 17, 2026
- रायगढ़:शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ने शील पत्थर से उतारा मौत के घाट… - July 17, 2026




