सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल के मार्गदर्शन में 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक एचपीवी (HPV) वैक्सीन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाकर उन्हें भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर सहित एचपीवी वायरस से होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करना है।
डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। कम उम्र में यह टीका लगाए जाने से शरीर में बेहतर प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है, जिससे भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को निर्धारित तिथि पर जिला चिकित्सालय सारंगढ़ लेकर आएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निःशुल्क टीकाकरण का लाभ दिलाएं। टीकाकरण के लिए बालिका का आधार कार्ड एवं अभिभावक की सहमति पत्र अनिवार्य होगा।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि यह अभियान केवल टीकाकरण नहीं, बल्कि बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से जिले की हजारों बालिकाओं को लाभ मिलेगा और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सहयोग करें और अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराकर उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का उपहार दें।


- साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा: 20 स्थानों पर चला जागरूकता अभियान, 2,800 लोगों को किया सतर्क… - August 27, 2026
- एक कॉल पर घर पहुंचा प्रशासन, दिव्यांग सौरभ की समस्या का त्वरित समाधान… - August 27, 2026
- रक्षाबंधन से पहले मिली खुशियों की किस्त, गीता मराठा ने कहा- विष्णु भैया का धन्यवाद… - August 27, 2026
