सारंगढ़:सेवा सेतु पोर्टल से मिलेगी सरकारी सेवाओं की रफ्तार…

सारंगढ़। जिला पंचायत सारंगढ़–बिलाईगढ़ के सभाकक्ष में “सेवा सेतु पोर्टल” पर शुरू की गई नई ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी सेवा सेतु प्रबंधकों ने भाग लेकर नवीन सेवाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान ई-डीएम श्री गंगाधर विश्वकर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल पर जोड़ी गई नई सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन सेवाओं के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय सुविधाएं अब पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से सेवाओं का विस्तार शासन की जनहितकारी पहल को और मजबूत बनाएगा।
प्रशिक्षण में नवीन व्यापार अनुज्ञप्ति (New Trade License), अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित (एकल), निःशक्तजन, सामान्य एवं एपीएल राशन कार्ड के नए आवेदन, राशन कार्ड में सदस्य जोड़ने एवं नाम विलोपित करने की प्रक्रिया, विवाह प्रमाण पत्र, ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य ऑनलाइन सेवाओं की आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता और सेवा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
ई-डीएम श्री विश्वकर्मा ने सभी सेवा सेतु प्रबंधकों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी का बेहतर उपयोग करते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पोर्टल के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक सेवाओं की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना तथा जिले में शासकीय सेवाओं के डिजिटल क्रियान्वयन को नई गति प्रदान करना है।
