सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जुलाई 2026। जिले में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सरिया तहसील के ग्राम बोन्दा में सड़क पर बिना सुरक्षा पट्टी लगाए डबल कैज व्हील (लोहे के पहिए) के साथ ट्रैक्टर चलाते पाए जाने पर प्रशासन ने ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर लिया। राजस्व, पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार जब्त किया गया ट्रैक्टर छोटे लाल का है। प्रशासन ने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
सरिया तहसीलदार कोमल साहू ने बताया कि प्रशासन द्वारा पहले ही किसानों को सचिव, पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से घर-घर जाकर जागरूक किया गया था। किसानों से अपील की गई थी कि डबल कैज व्हील वाले ट्रैक्टर बिना निर्धारित रबर पट्टी के सड़क पर न चलाएं, क्योंकि इससे सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त होती हैं और दुर्घटनाओं की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है। बावजूद इसके नियमों की अनदेखी किए जाने पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों एवं ट्रैक्टर चालकों से अपील की है कि सड़क पर ट्रैक्टर चलाने से पहले कैज व्हील पर निर्धारित पट्टी अवश्य लगाएं अथवा सड़क पर सामान्य पहियों का ही उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

- साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा: 20 स्थानों पर चला जागरूकता अभियान, 2,800 लोगों को किया सतर्क… - August 27, 2026
- एक कॉल पर घर पहुंचा प्रशासन, दिव्यांग सौरभ की समस्या का त्वरित समाधान… - August 27, 2026
- रक्षाबंधन से पहले मिली खुशियों की किस्त, गीता मराठा ने कहा- विष्णु भैया का धन्यवाद… - August 27, 2026
