सारंगढ़। सुशासन तिहार-2026 के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खाद्य विभाग ने आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कुल 859 हितग्राहियों को राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्रदान किया। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 1 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित सुशासन तिहार अभियान का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण, शासन की योजनाओं की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी तथा नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना था। इसी क्रम में खाद्य विभाग, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को राशन कार्ड से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया गया।
विकासखंड सारंगढ़ में 55 नए राशन कार्ड बनाए गए, 86 राशन कार्डों में नए सदस्यों के नाम जोड़े गए तथा 92 सदस्यों के नाम विलोपित किए गए।
विकासखंड बरमकेला में 88 नए राशन कार्ड जारी किए गए, 39 राशन कार्डों में नाम जोड़े गए और 71 सदस्यों के नाम हटाए गए।
इसी प्रकार विकासखंड बिलाईगढ़ में सर्वाधिक 200 नए राशन कार्ड बनाए गए, 105 राशन कार्डों में नाम जोड़े गए तथा 123 सदस्यों के नाम विलोपित किए गए।
खाद्य विभाग द्वारा सुशासन तिहार-2026 के दौरान कुल 859 हितग्राहियों को राशन कार्ड संबंधी सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शासन की इस पहल से लाभान्वित नागरिकों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में प्रभावी और राहत देने वाला अभियान बताया।



