बिलासपुर

आस्था से खिलवाड़! हज यात्रा कराने के नाम पर इन लोगों से 35 लाख की ठगी, कैसे शिकार बना रहे ठग..जानें

बिलासपुर में ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ठगी करने वाले अब लोगों की आस्था और विश्वास का भी फायदा उठाने से नहीं चूक रहे। लोगों को तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर भी ठगी की जा रही है।

ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। दरअसल मुस्लिम समुदाय के लोगों का तीर्थ यानि दुबई में हज यात्रा कराने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी हुई है। 10 लोग ठगी का शिकार हुए हैं। पुलिस ने ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

टूर एंड ट्रेवल्स के नाम से दफ्तर खोला

दरअसल, तारबाहर निवासी शेख अकरम ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, कटघोरा निवासी वसीम अली और उसकी पत्नी रेशमा अली ने दुबई की हजयात्रा कराने का झांसा देकर ठगी की। वसीम अली और रेशमा अली ने तालापारा के तैयबा चौक में टूर एंड ट्रेवल्स के नाम से एक दफ्तर खोला था।

अग्रिम राशि के रूप में 35 लाख रुपये वसूल लिए

वर्ष 2023 में उन्होंने दावा किया कि, वे दुबई हज यात्रा पर ले जाएंगे। इसी बहाने उन्होंने शेख अकरम सहित 10 लोगों से अग्रिम राशि के रूप में 35 लाख रुपये वसूल लिए। दो साल बीत जाने के बाद भी न तो यात्रा कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए।

वसीम अली और रेशमा अली के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जब पीड़ितों ने कई बार राशि लौटाने की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। ठगी का एहसास होने पर शेख अकरम ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने वसीम अली और रेशमा अली के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। यह मामला एक बार फिर लोगों के लिए चेतावनी है कि धार्मिक या विदेशी यात्राओं के नाम पर पैसा निवेश करने से पहले संबंधित एजेंसी की विश्वसनीयता अवश्य जांच लें।

Back to top button